‘शादी किए बिना बच्चे हो सकते हैं, मेरे लिए आजादी जरूरी’, 37 साल की हीरोइन का बोल्ड बयान, लाइफ पर भी किया कमेंट
करण जौहर, तुषार कपूर और एकता कपूर समेत कई ऐसे सेलेब्स हैं, जो बिना शादी के सिंगल पेरेंट बने हैं. अक्षय कुमार संग काम कर चुकी एक बड़ी हीरोइन ने भी सिंगल मदर बनने के बारे में बात की है. उनका कहना है कि अब ऐसे साइंटिफिक तरीके हैं, जिसे बिना शादी के बच्चे हो सकते हैं. बच्चों के लिए शादी जैसा कोई बंधन नहीं है.

इस एक्ट्रेस का नाम नित्या मेनन है, जिन्होंने अक्षय कुमार के साथ ‘मिशन मंगल’ में काम किया. वह साउथ की टॉप एक्ट्रेस में एक मानी जाती हैं. हाल में रिलीज हुई धनुष स्टारर ‘कढ़ाई इडली’ के लिए उन्हें खूब सराहा गया. इंडस्ट्री में कम फिल्में करने के बावजूद नित्या मेनन ने अपनी खास पहचान बनाई है.

नित्या सिर्फ ग्लैमर फिल्मों तक सीमित न रहकर, ऐसे किरदार चुनती हैं जिनमें अभिनय का ज्यादा मौका मिलता है. 1988 में बेंगलुरु में जन्मी नित्या मेनन ने कन्नड़, तमिल, तेलुगू, मलयालम समेत कई फिल्म इंडस्ट्री में काम किया है.
खास बात यह है कि नित्या मेनन ने महज 8 साल की उम्र में इंग्लिश फिल्म ‘हनुमान’ में बाल कलाकार के रूप में अभिनय किया था. कन्नड़ में ‘7 ओ क्लॉक’ फिल्म से डेब्यू करने वाली नित्या मेनन ने इसके बाद ‘मैना’ और ‘कोटिगोब्बा 2’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर खूब तारीफें बटोरी थीं. फिल्मों के अलावा उन्होंने बैकग्राउंड सिंगर के तौर पर भी कई गानें गाए हैं.

नित्या मेनन को उनकी ‘तिरुचित्रंबलम’ फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था. 37 साल की उम्र में भी शादी न करने और सिंगल रहने वाली नित्या मेनन ने एक इंटरव्यू में शादी और बच्चों पर बात की, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

हमारी सहयोगी बेवसाइड न्यूज18 कन्नड़ के मुताबिक, ‘इंडिया ग्लिट्ज तमिल से बात करते हुए नित्या मेनन ने कहा, “अगर आपको बच्चे चाहिए तो शादी करना जरूरी नहीं है. शादी से जुड़ा कोई बंधन नहीं है, अगर आपको बच्चा चाहिए तो आप ले सकते हैं. इसके लिए कई वैज्ञानिक तरीके उपलब्ध हैं. पहले से ही कई लोग इसी तरह बच्चों को अपना चुके हैं.”

इसी दौरान अपनी बैचलर लाइफ को बहुत खुशी से जीने की बात कहते हुए नित्या ने साफ कहा कि उन्हें कोई कंट्रोल नहीं करता. उन्होंने कहा, “मेरे लिए आजादी बहुत जरूरी है. शादी जीवन का एक हिस्सा है, लेकिन यही जीवन नहीं है. अगर सच्चा प्यार मिला तो जरूर शादी करूंगी, लेकिन शादी न हुई तो भी जीवन रुकता नहीं है.”

नित्या मेनन ने कहा कि कुछ साल पहले उनकी दादी शादी के लिए दबाव डालती थीं, लेकिन अब वह भी समझ गई हैं और कोई दबाव नहीं डालता. अपनी निजी जिंदगी में नित्या मेनन किसी की बात नहीं सुनतीं. उन्होंने कहा, “शादी न हुई तो जीवन अधूरा नहीं है. मेरे कुछ सिद्धांत हैं.”



