जांजगीर-चांपा में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सियासी माहौल गर्म होता नजर आ रहा है। विधेयक के विरोध को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आकाश सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नेताजी चौक से कचहरी चौक तक शव यात्रा निकाली, जो पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी रही। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध कर कांग्रेस ने देश की मातृशक्ति का अपमान किया है। शव यात्रा के बाद कचहरी चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश स्तर से लेकर जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की और सरकार के इस कदम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
आकाश सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण बिल देश की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस बिल का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इस दिशा में काम करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ता महिला आरक्षण के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।



