नौकरी लगाने के नाम पर 6.51 लाख की ठगी, धमधा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग और शराब दुकान में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक आरोपी ने कई युवकों से कुल 6 लाख 51 हजार 817 रुपये की ठगी कर ली। मामले में धमधा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी घनश्याम सोनकर (31 वर्ष), निवासी सोनकर पारा, धमधा ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ओमकुमार सिन्हा उर्फ ओमप्रकाश, निवासी बागेश्वर सिटी, राजनांदगांव ने उसे और उसके परिचितों को आबकारी विभाग एवं शराब दुकान में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने फोन-पे, स्कैनर और नगद राशि के माध्यम से अलग-अलग लोगों से पैसे लिए।
रिपोर्ट के मुताबिक शुभम सोनकर से 1 लाख रुपये, गजेंद्र सोनकर से 90 हजार रुपये ऑनलाइन और 30 हजार रुपये नगद, प्रियांश सोनकर से 12 हजार रुपये ऑनलाइन और 1 लाख 8 हजार रुपये नगद, हेम सिंह साहू से 1 लाख 20 हजार रुपये तथा नागेश से 37 हजार रुपये लेकर कुल 6,51,817 रुपये की धोखाधड़ी की गई।
प्रार्थी की शिकायत पर धमधा थाना में अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी ओमकुमार सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को दिनांक 01 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को भी पैसे देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।



