दुर्ग। ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने के मामले में उतई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर भूमि स्वामी के फर्जी हस्ताक्षर कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार करने तथा जमीन को शिवकुमार साहू की पत्नी सीमा साहू के नाम कराने का आरोप है। पुलिस ने मामले में मूल दस्तावेजों सहित महत्वपूर्ण अभिलेख जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को ग्राम डुण्डेरा निवासी पन्ना लाल साहू (47) ने वरिष्ठ कार्यालय में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्व. बोधीराम साहू के स्वामित्व वाली कृषि भूमि को हड़पने के उद्देश्य से शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और उनके सहयोगियों ने आपसी मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
आरोप है कि शिवकुमार साहू ने 24 सितंबर 2022 को अपनी पत्नी के पक्ष में फर्जी इकरारनामा तैयार कराया। इसके बाद 18 नवंबर 2022 को बोधीराम साहू के नाम से कथित फर्जी हस्ताक्षर कर बिक्री नामा तैयार किया गया। इन दस्तावेजों के आधार पर पैतृक कृषि भूमि को सीमा साहू के नाम कराने की कोशिश की गई।
हैंडराइटिंग जांच में फर्जी पाए गए हस्ताक्षर
प्रार्थी ने दस्तावेजों में किए गए हस्ताक्षरों की जांच हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराई थी। जांच रिपोर्ट में इकरारनामा और बिक्री नामा में दर्ज हस्ताक्षर बोधीराम साहू के नहीं होने की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना उतई में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
तीनों आरोपियों से महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों और प्रार्थी से प्राप्त प्रकरण से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। इनमें प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत 43 पन्नों के दस्तावेज, शिवकुमार साहू से बिक्री नामा का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट और इकरारनामा का मूल स्टाम्प पेपर शामिल हैं। वहीं सीमा साहू से 14 फरवरी 2023 का ई-स्टाम्प पेपर और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवकुमार साहू और उसकी पत्नी सीमा साहू निवासी राधिका नगर, सुपेला तथा कौशल कुमार साहू निवासी इंदिरा नगर, ग्राम डुण्डेरा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से जमीन की खरीदी-बिक्री, रजिस्ट्री और मुख्तारनामा तैयार कराते समय दस्तावेजों की सत्यता तथा संबंधित पक्षकारों की पहचान की जांच करने की अपील की है।



