धमतरी में धर्मांतरण को लेकर तनाव, शव दफनाने पर दो गांवों में विरोध, मौके पर पुलिस-प्रशासन तैनात
धमतरी। जिले में धर्मांतरण और अंतिम संस्कार को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। नगरी क्षेत्र में एक महिला के निधन के बाद शव दफनाने को लेकर दो गांवों के लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोराई की एक महिला पर धर्मांतरण का आरोप है। महिला की मृत्यु 24 दिसंबर को हुई थी। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार को लेकर विवाद शुरू हो गया। ग्रामीणों के एक वर्ग ने बोराई गांव में शव दफनाने का विरोध किया, जिसके चलते शव को दूसरे स्थान पर ले जाने की तैयारी की गई।
बताया जा रहा है कि शव को दफनाने के लिए नगरी क्षेत्र में गड्ढा खोदकर तैयारी की जा रही थी। इसी बीच जब नगरी नगर के लोगों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने भी शव दफनाने पर आपत्ति जताई। आरोप है कि नगरी में शव दफनाने के लिए किसी प्रकार की जमीन आबंटित नहीं है, इसके बावजूद दफनाने की तैयारी की जा रही थी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस बल, प्रशासनिक टीम और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाने और शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर लगातार बातचीत चल रही है, लेकिन तनाव का माहौल अब भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पूर्व अनुमति और नियमों के शव दफनाने की कोशिश की जा रही थी, जो स्वीकार्य नहीं है। वहीं, दूसरे पक्ष का तर्क है कि उन्हें अंतिम संस्कार के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं कराया गया, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
प्रशासन की ओर से फिलहाल किसी भी पक्ष को शव दफनाने की अनुमति नहीं दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासनिक निगरानी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई प्रशासनिक निर्णय और आपसी सहमति के बाद ही की जाएगी।



