बाढ़ हादसा:-बहते नाले में लापता युवक का शव 24 घंटे बाद कचरे के ढेर में मिला, परिवार में मचा कोहराम
शनिवार को खैरागढ़ के इतवारी बाजार इलाके में आई बाढ़ के दौरान नाले में बहकर लापता हुए युवक का शव आखिरकार रविवार शाम को बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान अमित यादव के रूप में हुई है, जो अंबेडकर वार्ड का निवासी था।
घटना शनिवार को उस वक्त हुई जब अमित अपने दोस्तों के साथ शीतला मंदिर की छत से बाढ़ के पानी में नहाने के लिए छलांग लगा रहा था। तभी वह अचानक तेज बहाव में बह गया और लापता हो गया।
शनिवार रात भर चली तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिल पाई। रविवार सुबह से एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की मेहनत के बाद शाम करीब 6 बजे खैरागढ़ पुलिस और मुर्गा मार्केट क्षेत्र के स्थानीय युवकों ने नाले के अंतिम छोर पर एक कचरे के ढेर के नीचे फंसे शव को बरामद किया।
मृतक अमित यादव कुछ महीने पहले अपने पिता को खो चुका था और परिवार में अकेला कमाने वाला सदस्य था। वह पास की एक मुर्गा दुकान में काम करता था और अपनी मां व तीन बहनों की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह हादसा सिर्फ एक दुखद मृत्यु नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और बाढ़ के समय सुरक्षा प्रबंधों की कमी को भी उजागर करता है। हर साल आने वाली बाढ़ और खुले नालों की अनदेखी अब जानलेवा साबित हो रही है।



