मोटरसाइकिल में धारदार चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार की है। आरोपी मोटरसाइकिल में धारदार चाकू लेकर सकरी से कोटा की ओर जा रहा था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से चाकू जब्त किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 जनवरी 2026 को थाना सकरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल सीडी डिलक्स क्रमांक CG10 BQ 2972 में संदिग्ध वस्तु लेकर घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और निर्देश मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई।
मुखबिर की निशानदेही पर सकरी पुलिस ने परसदा मेला ग्राउंड के सामने घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अनिल सूर्यवंशी, पिता फागूराम सूर्यवंशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी चोरभट्ठी कला, थाना सकरी बताया।जांच के दौरान आरोपी शराब सेवन किए हुए प्रतीत हुआ, जिस पर गवाहों के समक्ष शराब सेवन का पंचनामा तैयार किया गया।
इसके बाद आरोपी की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में चाकू को जब्त कर लिया। आरोपी का यह कृत्य धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना सकरी में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 53/2026 दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



