पलाड़ीखुर्द एकलव्य विद्यालय का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
बच्चों की शिक्षा और भोजन व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — कलेक्टर जयश्री जैन
नियमित काउंसलिंग, हेल्थ चेकअप और बेहतर करियर मार्गदर्शन के दिए निर्देश
सक्ती, 27 अगस्त 2026। नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने गुरुवार सुबह संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पलाड़ीखुर्द का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य सहित उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कक्षा 9वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। छात्रावास में बालक-बालिकाओं से भी चर्चा कर भोजन, पढ़ाई, स्वास्थ्य और आवासीय व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 9वीं के बदले हुए सिलेबस से संबंधित पुस्तकों को जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने तथा विद्यार्थियों के बीच ग्रुप कम्युनिकेशन के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर श्रीमती जैन ने विद्यार्थियों की नियमित सामान्य एवं करियर काउंसलिंग के साथ समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ पढ़ाई करने, एक-दूसरे से सीखने और अपनी रुचि व क्षमता के अनुसार करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय परिसर में पेयजल, साफ-सफाई और छात्रावास सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सुश्री स्वप्नीता सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



