डायल-112 स्टाफ की समीक्षा बैठक: त्वरित रिस्पॉन्स, अनुशासन और जनसेवा पर एसपी के सख्त निर्देश..
दुर्ग। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार आज दिनांक 21 जनवरी 2026 को जिला पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में पदस्थ समस्त डायल-112 स्टाफ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा ने की।
बैठक में प्रभारी उप निरीक्षक भिखम टंडन, डायल-112 चालकों के मैनेजर हर्षवर्धन, जिले के सभी डायल-112 वाहन चालक एवं आरक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराते हुए डायल-112 की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में डायल-112 स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कॉल प्राप्त होते ही तत्काल, त्वरित और समयबद्ध रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए। मौके पर पहुंचकर पीड़ित या सूचनाकर्ता से शालीन, संवेदनशील और मर्यादित व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक कॉल का निष्पक्ष, प्रभावी और विधिसम्मत निराकरण किया जाए।
इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन करने, ड्यूटी के दौरान अनुशासन, वर्दी, समयपालन और आचरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि डायल-112 आमजन की आपातकालीन सेवा की प्रथम और सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, इसलिए सभी कर्मी पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार यह भी चेतावनी दी गई कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या अनुचित व्यवहार पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक का मुख्य उद्देश्य डायल-112 की कार्यक्षमता बढ़ाना, रिस्पॉन्स टाइम में सुधार लाना तथा जिले में कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।



