भांठागांव में राखड़ डंपिंग से नहर बाधित: ग्रामीणों ने राईस मिल संचालक पर लगाए गंभीर आरोप, कलेक्टर के दरवाजे पहुँचे परेशान किसान
सक्ती जिले के नगर पंचायत जैजैपुर अंतर्गत भांठागांव में इन दिनों सैकड़ों किसान परेशानियों से जूझ रहे हैं। गांव के किसानों ने आरोप लगाया है कि राईस मिल के संचालक अभिषेक अग्रवाल ने अपनी निजी जमीन पर बड़े पैमाने पर राखड़ डंप कर दिया है। इस राखड़ डंपिंग के कारण नहर से खेतों तक पानी की सप्लाई बाधित हो गई है, जिससे किसानों की फसलें सूखने लगी हैं।
किसानों का कहना है कि नहर ही उनकी खेती का मुख्य स्रोत है। बरसात में पर्याप्त पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाने से धान की फसल पर बड़ा संकट मंडराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के लापरवाह और मनमाने कार्य से न केवल किसानों की आजीविका प्रभावित हो रही है, बल्कि पूरे गांव की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। कई किसानों ने बताया कि उन्होंने खेतों में बोआई कर ली थी, लेकिन समय पर पानी नहीं मिलने से फसलें बर्बादी की कगार पर हैं।
वही इस समस्या को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टोरेट पहुंचा और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि तुरंत प्रभाव से राखड़ को हटाया जाए और नहर की सफाई कर पानी की आपूर्ति बहाल की जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इस पूरे मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मिल प्रबंधन पर कार्रवाई होती तो आज किसानों को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।



