VIDEO:- स्पा सेंटर से वसूली का आरोप, गृह मंत्री सख्त; एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल निलंबित….
बिलासपुर | छत्तीसगढ़
बिलासपुर में पदस्थापना के दौरान स्पा सेंटर से कथित मासिक वसूली का दबाव बनाने के आरोपों में तत्कालीन एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल पर बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में राजेंद्र जायसवाल जीपीएम (गौरेला–पेंड्रा–मरवाही) में एडिशनल एसपी के पद पर पदस्थ थे।
शिकायत और वीडियो से खुला मामला
रिंग रोड नंबर-2 निवासी लोकेश सेन (36) ने आईजी बिलासपुर को लिखित शिकायत में बताया कि वह महाराणा प्रताप चौक स्थित एक्वा वेलनेस प्राइवेट स्पा और मंगला चौक के 36 मॉल (द्वितीय तल) में एक अन्य ब्रांच संचालित करते हैं। उनके अनुसार, सभी नियमों का पालन करने के बावजूद स्थानीय पुलिसकर्मियों द्वारा मंथली रकम की मांग की जाती थी। रकम न देने पर बार-बार चेकिंग, ग्राहकों के सामने पूछताछ और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का दबाव बनाया जाता था।
शिकायत के साथ सौंपे गए वीडियो में कथित तौर पर एडिशनल एसपी के केबिन में बातचीत दिखाई देती है, जिसमें “कमिटमेंट पूरी करने”, “टीम भेजकर रेड” और “ग्राहक घट जाने” जैसी धमकियों के आरोप लगाए गए हैं। स्पा संचालक ने व्हाट्सएप कॉल-स्क्रीनशॉट भी जांच एजेंसियों को दिए हैं।
ट्रांसफर के बाद रेड, आरोप और बढ़े
स्पा संचालक का दावा है कि दिसंबर के बाद मंथली भुगतान बंद करने पर 6 जनवरी को स्पा पर छापा पड़ा, भाइयों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई और उन्हें रातभर थाने में रखकर अगले दिन न्यायालय में पेश किया गया। यह कार्रवाई राजेंद्र जायसवाल के ट्रांसफर के बाद हुई, लेकिन शिकायतकर्ता इसे पुरानी खुन्नस से जोड़ रहा है।
जांच के आदेश और त्वरित निलंबन
आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने एसएसपी बिलासपुर रजनेश सिंह को 7 दिन में जांच प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए थे। हालांकि, एसएसपी की जांच पूरी होने से पहले ही डिप्टी सीएम/गृह मंत्री ने मामले की प्रथम दृष्टया गंभीरता देखते हुए निलंबन के आदेश जारी कर दिए।



