नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लाखों की ठगी
शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को चौकी गिरौदपुरी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने रेलवे विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर ₹4,90,500 की ठगी की थी।
प्रार्थी नंदकुमार साहू निवासी ग्राम बरेली ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने छात्रावास अधीक्षक पद के लिए आवेदन किया था, जबकि उसके मित्र अजीत कुमार ने पुलिस मुख्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर पद हेतु आवेदन किया था। इसी दौरान आरोपियों ने दोनों को शासकीय नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और रकम की मांग की। बाद में आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक रेलवे विभाग का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर उनसे कुल ₹4,90,500 ले लिए।
मामले में अपराध क्रमांक 281/2024 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 120बी एवं 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जांच के दौरान आरोपी नरेंद्र मनहर (44 वर्ष) एवं कुनाल उर्फ हीरा दिवाकर, दोनों निवासी ग्राम तालदेवरी थाना बिर्रा जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार किया।
दोनों आरोपियों को 16 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने युवाओं से ऐसे झांसे से सावधान रहने की अपील की है।



