धारदार हथियार से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और हथियार जब्त
बलौदाबाजार। सोनबरसा जंगल नहर पुल के पास प्रार्थी पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तोरनलाल टंडन, निवासी ग्राम छेरकापुर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 7 मई 2025 को वह अपने साथी के साथ खजूरी पावर प्लांट से सामान खरीदकर बलौदाबाजार लौट रहा था। रात लगभग 11:30 बजे सोनबरसा जंगल नहर पुल के पास अज्ञात बाइक सवारों ने उन्हें रोका और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।
प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 472/2025 के तहत बीएनएस की धाराएं 296, 115(2), 351(2), 3(5), 118(2), 126(2) तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. शेखर सोनवानी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम लटुवा
2. शंकर उर्फ चुंक्की लसेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम लटुवा
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके पास से सीडी-डॉन मोटरसाइकिल (CG04 CK 1824) और एक धारदार हथियार जब्त किया है। दोनों आरोपियों को 13 मई 2025 को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। फिलहाल मामला विवेचना में है।



