यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त चेतावनी, मालवाहक में सवारी ढोने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। खासकर मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों के विरुद्ध जिला एवं यातायात पुलिस की सघन कार्यवाही जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में समस्त थाना क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों व चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में चालानी कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान के तहत अब तक दो दर्जन से अधिक वाहन चालकों पर धारा 97(1)/177, 119/177, 184 और 179(1) के अंतर्गत जुर्माना लगाते हुए सख्त कार्रवाई की गई है। कई मामलों में प्रकरणों को न्यायालय भेजा गया है।
यातायात पुलिस ने रायपुर मुख्यालय और आरटीओ कार्यालय से समन्वय कर ऐसे वाहनों की सूची तैयार कर संबंधित थानों को भेज दी है। साथ ही “यातायात मितान” एवं अन्य स्रोतों से नियमित निगरानी भी जारी है।
पुलिस की अपील:
जिले के नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी आयोजन—जैसे विवाह, छठी, धार्मिक यात्रा आदि में मालवाहक वाहनों का उपयोग न करें, क्योंकि यह न सिर्फ गैरकानूनी है बल्कि अत्यंत असुरक्षित भी है। पूर्व की घटनाओं में ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हुई है।



