बनवार गांव में कुआं धंसने से एक ही परिवार के तीन सदस्य लापता, मौत की आशंका… रेस्क्यू जारी
कोरबा जिले के जटगा चौकी अंतर्गत ग्राम बनवार से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। भारी बारिश के चलते एक कुआं धंस गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य—पति, पत्नी और बेटा—लापता हो गए हैं, और मौत की आशंका जताई जा रही है। आपदा बचाव दल मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है। ग्राम बनवार निवासी 65 वर्षीय छोटू राम श्रीवास, उनकी पत्नी कंचन बाई श्रीवास (53 वर्ष) और बेटा गोविंद श्रीवास (30 वर्ष) कुएं में लगे मोटर पंप को निकालने उतरे थे। तभी अचानक पूरा कुआं धंस गया, और तीनों मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। जटगा चौकी प्रभारी चंद्रपाल खंडे के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों ने बताया कि सुबह जब वे उठे तो कुआं धंसा हुआ मिला और तीनों सदस्य लापता थे। संभावना है कि पहले माता-पिता पंप चालू करने कुएं में उतरे होंगे और बाद में बेटा उन्हें बचाने गया होगा, तभी हादसा हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने पुष्टि की कि कुआं दो महीने पहले ही खोदा गया था, और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। रेस्क्यू टीम लगातार मलबा हटाने का प्रयास कर रही है।



