डभरा-खरसिया मार्ग पर भीषण हादसा: शिक्षक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम…
सक्ती जिले के डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मणभाटा के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, नौरंगे फैब्रिकेशन के पास खरसिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार वाहन के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रघुनंदन चंद्रा, उम्र लगभग 42 वर्ष, निवासी सुखदा के रूप में हुई है। वे पेशे से शिक्षक थे और बताया जा रहा है कि घर से डभरा एसआईआर कार्य का पंचनामा जमा करने जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों द्वारा मुआवजे और दोषी वाहन चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और लोगों को समझाइश देकर मार्ग बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और यातायात पूरी तरह बाधित है।



