डिजिटल सशक्तीकरण की ओर साहू समाज का बड़ा कदम, आई.टी. सेल की नई कार्यकारिणी घोषित

प्रदेशभर के सभी संभागों को मिला प्रतिनिधित्व, 114 पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
सक्ति । छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ ने समाज के डिजिटल सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आई.टी. सेल प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी विस्तार की दूसरी सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू की अनुशंसा पर प्रदेश आई.टी. सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक द्वारिका साहू ने संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने और समाजहित के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की।

जारी सूची में प्रदेश के सभी संभागों को संतुलित प्रतिनिधित्व देते हुए कुल 114 पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। इनमें 8 प्रदेश सह संयोजक, 1 बस्तर संभागीय संयोजक, 25 संगठन सचिव, 20 संयुक्त सचिव, 11 मीडिया प्रभारी, 6 सह मीडिया प्रभारी, 36 सोशल मीडिया प्रभारी तथा 7 कार्यकारी सदस्य शामिल हैं। संगठन का कहना है कि यह विस्तार समावेशी नेतृत्व और प्रदेशव्यापी सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

प्रदेश संयोजक द्वारिका साहू ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करें तथा समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को नई दिशा और गति प्रदान करें।
आई.टी. सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी महामंत्री मनीष साहू ने कहा कि कार्यकारिणी का यह विस्तार केवल पदों का वितरण नहीं, बल्कि साहू समाज को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दूरदर्शी पहल है। प्रदेश के सभी संभागों को प्रतिनिधित्व देकर संगठन ने समावेशी नेतृत्व और सामूहिक विकास का संदेश दिया है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए समाज की आवाज़ को डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आई.टी. सेल प्रकोष्ठ संगठन की गतिविधियों, समाजहित के अभियानों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगा।
संगठन का संकल्प: “सशक्त संगठन, जागरूक समाज और डिजिटल रूप से सुदृढ़ साहू समाज।”



