7100 दीपों से जगमगाया सक्ती का दीनदयाल स्टेडियम, ‘आशीर्वाद का दीया’ बना जनभागीदारी का प्रतीक
सक्ती। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम सक्ती में जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 7100 दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा स्टेडियम दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।


कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नगरवासियों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक काटकर शुभकामनाएं दी गईं। सांसद जांगड़े ने विश्वकर्मा पूजा की भी बधाई देते हुए जिलेवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
कलेक्टर जयश्री जैन ने कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि सेवा का भाव किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। सामूहिक सहभागिता से समाज और जिले के विकास में सकारात्मक योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीएम कावेरी मरकाम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूहों की दीदियां और नागरिक उपस्थित रहे।
हजारों दीपों की रोशनी के बीच ‘एक दीप—एक संकल्प’ की भावना दिखाई दी। आयोजन ने सेवा, विश्वास, जनभागीदारी और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।



