सांसद कमलेश जांगड़े ने जताया आभार, सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र की घोषणा को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सक्ती आगमन पर सांसद ने किया स्वागत-अभिनंदन, किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी

सक्ती। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने 11 सितंबर को सक्ती के जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य अतिथियों का क्षेत्र की जनता की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के साथ मंच साझा करने और सक्ती जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण अवसर का हिस्सा बनने का उन्हें सौभाग्य मिला।
कृषि विज्ञान केंद्र की घोषणा को बताया ऐतिहासिक
सांसद जांगड़े ने कहा कि क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को प्राथमिकता देते हुए सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया था। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा किए जाने पर उन्होंने केंद्र सरकार का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और उन्नत कृषि पद्धतियों का लाभ मिलेगा। यह केंद्र सक्ती जिले के कृषि विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
कृषि और किसानों से जुड़ी अन्य मांगों पर भी मिला आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण मांगों को भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा गया। इनमें सक्ती में बीज प्रसंस्करण केंद्र, बाराद्वार में उर्वरक रैक प्वाइंट, बोडासागर में आधुनिक उर्वरक गोदाम तथा उड़द, मूंग और मूंगफली की समर्थन मूल्य पर खरीदी से संबंधित मांग पत्र शामिल हैं।
सांसद ने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से किसानों को कृषि संबंधी संसाधनों के लिए दूसरे क्षेत्रों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी योजना का भी उल्लेख
सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम हुआ है। प्रदेश में 2 लाख से अधिक परिवारों को पक्के घरों की सौगात मिलने के साथ 3 लाख 65 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सक्ती जिलेवासियों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण और सुशासन के संकल्प को और मजबूत करने वाला रहा।



