सक्ती कलेक्टर का जेठा टोल प्लाजा पर औचक निरीक्षण: अवैध वसूली और मारपीट की शिकायतों पर सख्त रुख, एनएचएआई गाइडलाइन का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने दिए निर्देश
सक्ती जिले मे अवैध वसूली और मारपीट की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जेठा टोल प्लाजा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टोल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि संचालन पूरी तरह National Highways Authority of India (एनएचएआई) की गाइडलाइन के अनुरूप किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
व्यवस्थाओं का लिया बारीकी से जायजा
कलेक्टर अचानक टोल प्लाजा पहुंचे और मौके पर मौजूद कर्मचारियों से एनएचएआई के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह टोल प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
नियम विरुद्ध वसूली पर सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टोल प्लाजा के खिलाफ मिल रही शिकायतों को गंभीर बताते हुए चेतावनी दी कि नियम विरुद्ध वसूली, अभद्र व्यवहार, मारपीट की घटनाएं, अन्य प्रशासनिक अनियमितताएं पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने टोल प्रबंधन को सभी व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने, पारदर्शिता बनाए रखने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान रामनारायण गौतम, रवि गोयल, भगत शर्मा, शम्स तमरेज खान, राजीव ठाकुर सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।



