सक्ती में आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: दो दिन में 3 आरोपी गिरफ्तार, 24 लीटर महुआ शराब जब्त
सक्ती जिले मे आबकारी वृत्त सक्ती द्वारा अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ लगातार दो दिनों तक कार्रवाई करते हुए कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 19 और 20 फरवरी 2026 को की गई इन कार्रवाइयों में कुल 24 लीटर महुआ शराब जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पहली कार्रवाई: ग्राम जोंगरा में 10 लीटर महुआ शराब जब्त
जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के मार्गदर्शन में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जोंगरा में कमला केंवट (उम्र 42 वर्ष) अपने घर में महुआ शराब बिक्री हेतु रखी हुई है।
आबकारी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां उसके घर के कमरे से 5-5 लीटर क्षमता वाली दो प्लास्टिक जरीकेन में कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दूसरी कार्रवाई: वार्ड नंबर 2 कसेरपारा में दो भाई गिरफ्तार
वही दूसरी कार्यवाही मे 20 फरवरी 2026 को वार्ड नंबर 2 कसेरपारा (दुकालसागर किनारे) में मुखबिर सूचना पर दो भाइयों शंकर सतनामी और शिवा सतनामी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
आबकारी टीम ने पहले एक छद्म खरीददार के माध्यम से शराब खरीदकर बिक्री की पुष्टि की। इसके बाद छापेमारी में शंकर सतनामी के घर से 3 हरी प्लास्टिक बोतलों में कुल 6 लीटर महुआ शराब और शिवा सतनामी के घर से प्लास्टिक पन्नी में भरा 8 लीटर महुआ शराब बरामद हुआ। जिसे जप्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इन दोनों कार्रवाइयों में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, विष्णु कौशिक, स्टाफ परसराम कहरा, कमलेश, भारती, बसंती चौधरी एवं नगर सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



