बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू: जिन स्कूलों में सीसीटीवी नहीं, वे 10वीं-12वीं में परीक्षा केंद्र के लिए अपात्र
रायपुर। सीबीएसई 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होने वाली हैं। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार देश-विदेश के करीब 45 लाख से अधिक छात्र सीबीएसई एग्जाम में शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा में ट्रांसपेरेंस और एहतियात के तौर पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लाइव ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों के लिए सीसीटीवी पॉलिसी तैयार की है, जो देश के सभी राज्यों के परीक्षा केंद्रों पर लागू होगी। हर एग्जाम सेंटर पर सीसीटीवी लगाना अनिवार्य होगा। सीसीटीवी पॉलिसी में साफ कहा गया है कि जिन स्कूलों में सीसीटीवी नहीं लगे होंगे, उन्हें एग्जाम सेंटर नहीं बनाया जाएगा। सीसीटीवी के लिए स्कूलों की सहमति भी जरूरी होगी।
परीक्षा के दौरान एग्जाम की लाइव होगी कवरेज
सीबीएसई के नियमों के अनुसार, स्कूलों को अपने एग्जाम हॉल के एंट्री-एग्जिट गेट, गलियारे, क्लासरूम्स, लैब्स में सीसीटीवी कैमरे लगाने अनिवार्य हैं। इसके अलावा जिस डेस्क पर बैठकर स्टूडेंट्स एग्जाम देंगे वहां भी सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉल करना होगा, ताकि एग्जाम देते समय स्टूडेट्स की लाइव ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग हो सके। पूरी परीक्षा के दौरान एग्जाम की लाइव कवरेज होगी। ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी स्टूडेंट की सीसीटीवी फुटेज निकालकर समीक्षा हो सके।



