गृहमंत्री के दौरे से पहले सियासी घमासान:- युवा कांग्रेस का विरोध, पंकज शुक्ला समेत कई कार्यकर्ता गिरफ्ता
जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा के जांजगीर-चांपा दौरे से पहले जिले में सियासी माहौल गरमा गया है। गृहमंत्री के तेंदुआ गांव में आयोजित राम कथा कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना मिलते ही युवा कांग्रेस ने विरोध का ऐलान कर दिया था।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने सोशल मीडिया के माध्यम से गृहमंत्री को काला झंडा दिखाने की घोषणा की थी। उनका आरोप है कि करही गांव में हुए गोलीकांड के बाद भी गृहमंत्री मृतक के परिजनों से मिलने नहीं पहुंचे, जिससे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि गंभीर मामलों में भी उचित पहल नहीं की जा रही है।
हालांकि, विरोध प्रदर्शन से पहले ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। जैसे ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ता कचहरी चौक के पास काफिला पहुंची तो पहले से ही पुलिस की टीम ने रुकवाकर उनसे बात की जहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला समेत कई कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि सभी कार्यकर्ता गृहमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे, जहां वे काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराने की तैयारी में थे।
पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर कंट्रोल रूम में रखा, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखते हुए तहसीलदार आर.के. मरावी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में करही गोलीकांड की उच्च स्तरीय एसआईटी जांच की मांग की गई है।
युवा कांग्रेस का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में विरोध को और तेज किया जाएगा।



