करही गोलीकांड पर बढ़ा आक्रोश, युवा कांग्रेस गृहमंत्री को दिखाएगी काला झंडा…
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में हुए बहुचर्चित गोलीकांड को लेकर अब आक्रोश तेज होता जा रहा है। घटना के बाद काफी समय बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों और राजनीतिक संगठनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी मुद्दे को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार, गृहमंत्री विजय शर्मा के तेंदुआधाम आगमन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराएंगे। संगठन का कहना है कि इतने गंभीर मामले में भी अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि करही गोलीकांड जैसे संवेदनशील मामले में प्रशासन की सुस्त कार्रवाई से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
संगठन ने गृहमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता और दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
इस बीच, प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमले को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
करही गोलीकांड ने पूरे जिले को झकझोर दिया है और अब यह मामला राजनीतिक रूप भी लेता जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी तापमान और बढ़ने की संभावना है।



