Pamgarh Woman Harassment Case जांजगीर-चांपा। रास्ता सुनसान था और महिला अपने रिश्तेदार के घर जाने के लिए पैदल निकली थी। तभी एक युवक की अशोभनीय हरकत ने उसे मुश्किल में डाल दिया। पहले भद्दी टिप्पणियां कीं, फिर छेड़छाड़ पर उतर आया। लेकिन आरोपी को शायद अंदाजा नहीं था कि उसकी यह हरकत उसे जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचा देगी। पीड़िता की शिकायत मिलते ही पामगढ़ पुलिस ने चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को पीड़िता अपने रिश्तेदार के घर पैदल जा रही थी। इसी दौरान आरोपी छबिलाल सूर्यवंशी ने उसे अकेला पाकर अशोभनीय टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ की। घटना से परेशान पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 76 एवं 79 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
महिला के साथ हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क एवं SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी ने पुलिस टीम को सक्रिय किया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने 27 नवंबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी छबिलाल सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी धाराशिव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक सीताराम सूर्यवंशी एवं भुनेश्वर पटेल की सराहनीय भूमिका रही।



