ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 190 लीटर महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत 3 अप्रैल को थाना घरघोड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम घरघोड़ी के खेतधरहा नदी किनारे घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान आरोपी छोटू डनसेना (37 वर्ष) को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अवैध बिक्री के उद्देश्य से शराब तैयार कर रहा था।
पुलिस ने मौके से करीब 190 लीटर महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 19 हजार रुपये है, जब्त की। साथ ही शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे बड़े सिल्वर बर्तन, टिन टीपा और अन्य उपकरण भी कब्जे में लिए गए। कार्रवाई के दौरान मौके पर संचालित 8 अवैध भट्ठियों को भी नष्ट कर दिया गया।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी कर अवैध शराब निर्माण करने वालों को सख्त चेतावनी दी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अपराधों पर आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



