जांजगीर चांपा/भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आगामी जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करने पहुंचे जिले के चुनाव निर्वाचन अधिकारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जोगेश लांबा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा का जिलाध्यक्ष बनेगा।
उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष ऐसा होना चाहिए जो संगठन और जिले के सभी कार्यकर्ताओं के साथ सामंजस्य बिठाकर उन्हें साथ लेकर चल सके। लांबा ने अपेक्षित कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत चर्चा की और बंद कमरे में उनके सुझाए गए नामों को अपने रजिस्टर में दर्ज किया।
इसके बाद उन्होंने जिले की कोर टीम और वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी की। सभी नामों की सूची को प्रदेश नेतृत्व को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर प्रदेश संगठन एक पैनल तैयार करेगा और इसे राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजेगा।
राष्ट्रीय संगठन, प्रदेश संगठन और जिले के कार्यकर्ताओं व नेताओं के साथ चर्चा कर सर्वसम्मति से एक नाम पर सहमति बनाई जाएगी। इसके बाद पार्टी के जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाएगी।



