शिउड़ हाई स्कूल में शिक्षक की कमी से नाराज़ पालकों और छात्रों ने स्कूल में जड़ा ताला, बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित
स्लग: शिक्षक की कमी पर स्कूल में ताला
नवागढ़ ब्लॉक के शिउड़ गांव में हाई स्कूल में अंग्रेजी और संस्कृत शिक्षक की कमी को लेकर छात्रों और पालकों का आक्रोश फूट पड़ा है। आक्रोशित पालकों और विद्यार्थियों ने मिलकर स्कूल के मुख्य गेट में ताला जड़ दिया।
बताया जा रहा है कि अंग्रेजी विषय के शिक्षक अमित मैसी को बीते तीन वर्षों से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेजस नवागढ़ में अटैच कर दिया गया है, वहीं दूसरे अंग्रेजी शिक्षक लक्ष्मीप्रसाद सूर्यवंशी का ट्रांसफर महंत हाई स्कूल कर दिया गया है। इसके चलते शिउड़ हाई स्कूल में अंग्रेजी और संस्कृत दोनों विषयों की पढ़ाई ठप हो गई है।

छात्रों और पालकों का कहना है कि बार-बार प्रशासन से शिक्षक की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब बोर्ड परीक्षा नजदीक है, और पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो रही है। ऐसे में बच्चों का भविष्य अधर में नजर आ रहा है।
स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। पालकों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे ताला जड़ने को मजबूर होंगे। आज वही हुआ। ग्रामीणों की भारी भीड़ स्कूल परिसर के बाहर जमा है और मांग कर रही है कि जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई सामान्य हो सके।



