अंबिकापुर के पटाखा गोदाम में भीषण आग : घनी आबादी तेज धमाकों से दहली, फायर फाइटर्स और एसडीआरफ की टीमें जुटीं
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के राम मंदिर क्षेत्र में आज दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्लास्टिक और पटाखा दुकान में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया है। 3 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर जुटी हैं।
आग हुई बेकाबू और बिल्डिंग को लिया चपेट में
मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर शहर के घनी आबादी वाले कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर के पास एक प्लास्टिक और पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई आग देखते ही देखते बेकाबू हो गई और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां
गोदाम में रखे पटाखों में लगातार हो रहे धमाकों के कारण आग तेजी से फैलती गई। धमाकों की आवाज और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, वहीं SDRF की टीम को भी रेस्क्यू में लगाया गया है। आग पर काबू पाने की कोशिशें लगातार जारी हैं, लेकिन 3 घंटे बाद भी लपटें शांत नहीं हो सकी हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर, एसपी समेत जिले के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।घनी आबादी वाले इस इलाके में आग के फैलने का खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है।
आग पर काबू पाने किस कोशिश जारी
आग में पूरी बिल्डिंग जलकर खाक हो चुकी है और करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अब तक किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती इस आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकना है। फिलहाल, आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं और हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।



