नकाबपोश बदमाशों का हमला, महिलाओं को चाकू से घायल कर बनाया दहशत का माहौल; पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र के घोटवानी गांव में शनिवार की देर रात को उस वक्त हड़कंप मच गया जब हूटर बजाते हुए दो कारों में सवार नकाबपोश बदमाश अचानक गांव में घुस आए। बदमाशों ने कोमल वर्मा के घर पर हमला कर महिलाओं को गालियां दीं, कपड़े फाड़े और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल फैल गया और देखते ही देखते गांव छावनी में तब्दील हो गया।
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले की शुरुआत 23 अगस्त को हुई थी जब थान बाई वर्मा और उसकी पड़ोसन के बीच बंदर को भगाने की मामूली बात पर विवाद हो गया। इसी विवाद के बाद थान बाई का पति पंचू वर्मा ने अपने बेटे पप्पू वर्मा (निवासी रायपुर) को फोन कर बुला लिया। पप्पू अपने साथियों के साथ दो कारों में गांव पहुंचा और पीड़िता के घर में घुसकर महिलाओं को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए बाल पकड़कर कपड़े फाड़ दिए और धारदार हथियार से हाथ पर वार कर घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही धमधा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पंचू वर्मा (घोटवानी), संगम मेश्राम (प्रेमनगर गुडियारी रायपुर), राकेश वर्मा (पंचरीकला, बेमेतरा) और प्रभात चंदेल (पंचरीकला, बेमेतरा) शामिल हैं। आरोपियों पर अपराध क्रमांक 132/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।
ग्रामीणों ने भी हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। एक आरोपी को ग्रामीणों ने बाड़ी से पकड़ा, दूसरा पंचु वर्मा के घर से और तीसरा पुलिस की घेराबंदी में आ गया। मौके पर पहुंचे एसपी विजय अग्रवाल और एसडीओपी अलेक्जेंडर कीरो ने हालात का जायजा लिया।
सीएसपी भिलाई नगर ने बताया कि आरोपी पप्पू वर्मा का रायपुर में अपराधिक किस्म के लोगों की संगत है। इसलिए उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया । सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।



