धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 3 जगह दबिश, 180 बोरी महुआ लहान नष्ट, 2 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस सघन अभियान के दौरान भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब, भट्ठियां और शराब निर्माण सामग्री को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में 180 से अधिक बोरी महुआ लहान को नष्ट किया गया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
यह कार्रवाई भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमर्रा, ग्राम कोपेडीह और कोलियारी मोड़ के पास की गई। पहली कार्रवाई ग्राम कोसमर्रा के नया तालाब क्षेत्र में हुई, जहां लेखराम पारधी (19 वर्ष) को पकड़कर तलाशी लेने पर उसके पास से 29 पौवा देशी शराब, 5.220 लीटर शराब और बिक्री की नगदी बरामद हुई। आरोपी के कब्जे से कुल 3,070 रुपये भी जप्त किए गए।
दूसरी कार्रवाई ग्राम कोपेडीह में की गई, जहां खेत, खलिहान और नहर किनारे गुप्त रूप से संचालित अवैध शराब निर्माण ठिकानों का भंडाफोड़ कर भट्ठियों सहित लगभग 180 बोरी महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट किया गया।
तीसरी कार्रवाई में कोलियारी मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार तुलसी राम साहू उर्फ राजू (54 वर्ष) से 35 पौवा देशी शराब बरामद की गई। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस ने अवैध कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि ठिकाने बदलकर शराब कारोबार करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।



