अकलतरा पुलिस की देर रात कार्यवाही:- अवैध शराब, गांजा सेवन और 6 अपराधियों सहित कुल 9 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा जिले के बड़ी थाना अकलतरा क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध और आपराधिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को पकड़ा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में की गई।
अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए अकलतरा पुलिस की स्पेशल टीम ने देर रात इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपियों में अवैध शराब बेचने वाला, चिलम से गांजा पीने वाला, सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाला और 6 अन्य आपराधिक तत्व शामिल हैं।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन और SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने टीम के साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की।चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आरोपी से 6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति को चिलम के साथ गांजा पीते हुए पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते गिरफ्तार किया गया।इसी के साथ 6 अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को भी पकड़ा गया, जिनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।


