पीथमपुर में श्रमिक पंजीयन के नाम पर वसूली! पंचों ने किया विरोध, कलेक्टर से की शिकायत
जांजगीर-चांपा जिले के पीथमपुर ग्राम पंचायत में श्रम विभाग के पंजीयन के नाम पर मजदूरों से तीन-तीन सौ रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि यह अवैध वसूली ग्राम पंचायत भवन के ठीक सामने की जा रही थी।
मुफ्त मिलने वाली सरकारी सुविधा के बदले पैसे लेने की जानकारी ग्रामीण पंचों को मिली, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया और पूरा वीडियो भी बनाया। पंचों ने इस मामले की शिकायत श्रम विभाग के अधिकारियों और कलेक्टर से की है।
शिकायत के बाद सरपंच ने गांव में मुनादी कराकर स्पष्ट किया कि श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना या किसी भी सरकारी योजना के फार्म भरने के लिए किसी को भी पैसा नहीं देना है। साथ ही पंचायत ने गांव को नशा मुक्त करने की अपील भी की है।



