जांजगीर-चांपा जिला पंचायत में बड़ा उलटफेर:- कांग्रेस की नवनिर्वाचित सदस्य उर्मिला यादव BJP में शामिल, अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत तय…
जांजगीर-चांपा जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 रसेडा से कांग्रेस की नवनिर्वाचित सदस्य उर्मिला रविन्द्र कुमार यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया है।

सीआईडीसी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा नियुक्ति प्रभारी छगन मूंदड़ा, प्रदेश त्रिस्तरीय चुनाव प्रभारी सौरभसिंह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल,भाजपा नेता रवि पाण्डेय ने उर्मिला यादव को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
इस राजनीतिक समीकरण से भाजपा के पास अब 11 सदस्य हो गए हैं। कांग्रेस के पास पहले 5 सदस्य थे, जो अब घटकर 4 रह गए हैं। जिला पंचायत में 2 निर्दलीय सदस्य भी हैं। कुल 17 सदस्यीय जिला पंचायत में अब भाजपा स्पष्ट बहुमत में आ गई है।
5 मार्च को होने वाले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। भाजपा से 3 महिला दावेदार हैं, जबकि कांग्रेस की प्रीति अजय दिव्य 35 वोटों से जीतकर पहुंची हैं। भाजपा के पास बहुमत होने से पार्टी का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।

उर्मिला यादव ने भाजपा में शामिल होने का कारण बताते हुए कहा कि वे पार्टी की रीति-नीति से प्रभावित होकर इसमें शामिल हुई हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार हैं, लेकिन निर्विरोध चुनाव की संभावना है।



