कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तहसीलदार की पत्नी की मौत, मासूम बेटा गंभीर
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में भारतमाला सड़क पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कोरबा में पदस्थ तहसीलदार विष्णु कंवर की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 4 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसीलदार विष्णु कंवर अपनी पत्नी अमिता पैकरा (30 वर्ष) और 4 वर्षीय पुत्र के साथ कार से कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम सांकर के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक माजदा ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में अमिता पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं तहसीलदार विष्णु कंवर को मामूली चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि माजदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और चालक उसका टायर ठीक कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार पीछे से आकर ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के कारणों में तेज गति और सड़क किनारे खड़े वाहन को प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



