छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर ‘‘सुशासन का साल छत्तीसगढ़ हुआ खुशहाल’’ की थीम पर जनादेश परब मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों में विकासखण्ड स्तरीय किसान सम्मेलन, कृषक उन्नति योजना से लाभान्वित कृषकों का सम्मान और किसान संगोष्ठी आयोजित की गई।
अकलतरा कृषि उपज मंडी में आयोजित किसान सम्मेलन में कलेक्टर आकाश छिकारा ने भाग लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संदेश ‘विष्णु की पाती’ का वाचन किया। कलेक्टर ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित शासन की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे नवाचारी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया और किसानों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं प्रदेश के किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अतिथियों ने कृषकों को ‘विष्णु की पाती’ का वितरण किया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी, उप संचालक कृषि भगत, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं उपस्थित रहे।