रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट का गोरखधंधा उजागर, पति–पत्नी गिरफ्तार, 1.70 लाख के जाली नोट जब्त
दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में नकली नोट चलाने वाले पति–पत्नी को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया है। साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलने की सूचना पर रानीतराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरूण कुमार तुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी रानीतराई और पाटन साप्ताहिक बाजार में सब्जी व अन्य सामान खरीदने के दौरान 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट चला रहे थे। कई व्यापारियों को जाली नोट देकर सामान खरीदा गया था। जब व्यापारियों को शक हुआ, तब पुलिस को सूचना दी गई।
जांच और पूछताछ में आरोपी अरूण तुरंग ने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन कलर फोटो कॉपी प्रिंटर और पेपर मंगाकर नकली नोट छापे थे। आरोपी के कब्जे और निवास से कलर प्रिंटर, पेपर सहित कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
इस मामले में थाना रानीतराई में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नकली नोट के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध नोट की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

