पुरानी भिलाई में 1.90 किलो गांजा के साथ दो युवक गिरफ्तार
दुर्ग। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 1.90 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को 19 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंजीनियरिंग पार्क रोड के पास दो व्यक्ति गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हरिशंकर यादव उर्फ जुगनू (23 वर्ष) एवं रविन्द्र कुमार (24 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 1.90 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 103/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई के उपनिरीक्षक राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक महेश वर्मा, आरक्षक जितेन्द्र साहू सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।



