डभरा में गौ तस्करी का पर्दाफाश: बोलेरो से 7 गायें मुक्त, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, घेराबंदी कर गौ सेवकों ने पकड़ा वाहन, पुलिस ने किया जब्त
सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में गौ तस्करी का मामला सामने आया है, जहां भद्री स्थित गोपाल गौ सेवा समिति ने सक्रियता दिखाते हुए एक बोलेरो वाहन से 7 गायों को मुक्त कराया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे समिति को सूचना मिली कि सफेद बोलेरो (क्रमांक CG 15 B 3075) में मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गौ सेवकों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और भद्री के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
खुद को घिरा देख वाहन चालक और उसके दो साथी चलती गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। जब बोलेरो की तलाशी ली गई तो सामने आया कि वाहन की पीछे की सीटें निकालकर 7 गायों को अमानवीय तरीके से पैरों में बांधकर एक-दूसरे के ऊपर ठूंसकर रखा गया था। कई गायों के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए।
सूचना मिलते ही फागुरम चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी गायों को सुरक्षित बाहर निकलवाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया और बाद में उन्हें गोपाल गौ सेवा समिति को सौंप दिया। साथ ही बोलेरो वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



