चलती बुलेट के पहिए में फंसा साड़ी का पल्लू, सड़क पर गिरकर महिला गंभीर… पामगढ़ पुलिस ने दिखाई मानवता, पहुंचवाया अस्पताल
CG NEWS जांजगीर चांपा के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झिलमिली पंचायत भवन के पास बुधवार दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के मुताबिक बुलेट पर सवार मां-बेटा पामगढ़ की ओर से बिलासपुर–मुंगेली की ओर जा रहे थे, तभी झिलमिली पंचायत भवन के सामने पीछे बैठी महिला की साड़ी का पल्लू अचानक बुलेट के पिछले पहिए में फंस गया।
साड़ी फंसते ही महिला का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर जोर से गिर पड़ी, जिससे उसके सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान पामगढ़ थाना में पदस्थ एएसआई रामदुलार साहू और प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कण्डेय किसी कार्य से मुलमुला थाना की ओर जाते समय वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और सड़क पर खून से लथपथ पड़ी घायल महिला को प्राथमिक सहायता दिलाई। इसके बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस बुलवाकर महिला को बिलासपुर अस्पताल रवाना कराया।
पुलिस कर्मियों की इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों एवं राहगीरों ने जमकर प्रशंसा की है।


