Cg News जमीन विवाद में नाती ने नानी की हत्या, ईंट से किया जानलेवा हमला—आरोपी गिरफ्तार….
अंबिकापुर | सरगुजा
सरगुजा जिले के लुन्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राता परसापारा में जमीन विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नाती ने अपनी ही नानी की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को पीड़िता सुन्दरिया बाई की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। पूछताछ और जांच में सामने आया कि नाती बाबूलाल किण्डो (22 वर्ष) अपनी नानी द्वारा जमीन का हिस्सा बड़े भाई को देने की बात से नाराज था। गुस्से में आकर उसने ईंट से सिर पर गंभीर वार किया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, शव परीक्षण, गवाहों के बयान दर्ज कर घटना में प्रयुक्त ईंट और आरोपी के कपड़े जब्त किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर में गंभीर चोट से मृत्यु की पुष्टि हुई।
मामले में प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि गंभीर अपराधों के विरुद्ध सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।



