Bteking news लौटाए 54 गुम मोबाइल 18 महीनों में 400 से अधिक मोबाइलों की वापसी — साइबर सेल का रिकॉर्ड प्रदर्शन
रायगढ़, 15 नवंबर। मोबाइल चोरी व गुमशुदगी के बढ़ते मामलों के बीच रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय पहल की है। जिले के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने आज पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में 54 गुम/चोरी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। इन मोबाइलों की कीमत करीब ₹9.72 लाख आंकी गई है।
यह मोबाइल पिछले दो महीनों में साइबर सेल और जिले के विभिन्न थानों द्वारा ट्रैक किए गए थे। इनमें रेडमी, रियलमी और सैमसंग सहित कई बड़े ब्रांड के मोबाइल शामिल हैं।
CEIR पोर्टल से मिलती है बड़ी मदद—अलर्ट मिलते ही पुलिस करती है त्वरित कार्रवाई
एसपी पटेल ने बताया कि गुमशुदा मोबाइल की जानकारी नागरिक CEIR पोर्टल पर दर्ज कराते हैं। जैसे ही मोबाइल किसी नेटवर्क पर सक्रिय होता है, शिकायतकर्ता के वैकल्पिक नंबर के साथ ही साइबर सेल व संबंधित थाने को अलर्ट मेल प्राप्त होता है। इसके आधार पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल रिकवर करती है।
एसपी ने कहा—आज के दौर में मोबाइल सिर्फ बातचीत का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तिगत दस्तावेजों, फोटो–वीडियो और महत्वपूर्ण जानकारियों का भंडार है। गलत हाथों में पहुंचने पर मोबाइल का दुरुपयोग कर अपराध किया जा सकता है। इसलिए यदि किसी को गुम मोबाइल मिलता है, तो वह उसका उपयोग न करे, बल्कि निकटतम थाने में जमा कराए।
बड़े स्तर पर ऑपरेशन प्रदेश के बाहर से भी मिल रहे मोबाइल
रायगढ़ साइबर सेल ने पिछले दो महीनों में जिन 54 मोबाइल को रिकवर किया है, उनमें कई मोबाइल प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ ओडिशा, झारखंड, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार से बरामद किए गए हैं। टीम ने कई बार बाहर राज्यों में पुलिस टीम भेजकर भी मोबाइल रिकवरी की है।
एसपी पटेल के कार्यकाल में लगातार सफलताएँ…18 महीनों में 400+ मोबाइल लौटाए — अब तक 2000 से अधिक मोबाइल रिकवर
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में साइबर सेल और थानों की संयुक्त टीमों ने अब तक 2000 से अधिक गुम/चोरी मोबाइल रिकवर किए हैं, जबकि पिछले 18 महीनों में 400 से अधिक मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए हैं।
लोगों में बढ़ती जागरूकता और पुलिस की सक्रिय कार्यशैली के कारण मोबाइल रिकवरी के परिणाम काफी प्रभावी रहे हैं।



