कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बस्ती में दो तहसीलदारों पर आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने जमकर मारपीट की है जिसमें दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों के सर पर गहरी चोटें आईं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दोनों तहसीलदार एक सूचना पर आदर्श नगर स्थित राजेश ब्यूटी पार्लर पहुंचे थे। उसी दौरान कुछ युवकों ने उनकी ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ियों के चालकों से विवाद शुरू कर दिया।
विवाद होता देखा दोनों तहसीलदार बाहर आए और मामला शांत कराने की कोशिश की, तभी युवकों ने उन पर टूट पड़े और जमकर मारपीट की।घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगो की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां से घायलों को अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है,पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी। मुख्य आरोपी हितेश सारथी आदतन अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।
इस वारदात में पुलिस ने धारा 307 (हत्या का प्रयास), डकैती और अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


