एसीबी की बड़ी कार्रवाई : 20 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया एएसआई एस.एन. मिश्रा निलंबित, सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने किया तत्काल सस्पेंड
सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले के सामने आते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने तत्काल प्रभाव से आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर निवासी शिवप्रसाद बरेठ के खिलाफ दर्ज मारपीट और गाली-गलौज के मामले की विवेचना एएसआई एस.एन. मिश्रा कर रहे थे। आरोप है कि आरोपी ने प्रकरण में राहत देने के बदले 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत प्रार्थी ने एसीबी बिलासपुर से की थी।
जांच के दौरान एसीबी को पता चला कि आरोपी पहली किश्त के रूप में पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था, जबकि शेष रकम लेना बाकी था। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। शनिवार को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में जैसे ही एएसआई मिश्रा ने 20 हजार रुपये की दूसरी किश्त ली, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
एसीबी सूत्रों के अनुसार, आरोपी एएसआई के खिलाफ पहले भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने विभागीय छवि धूमिल करने और कर्तव्यों के विपरीत आचरण को गंभीर मानते हुए आरोपी को निलंबित कर रक्षित केंद्र सक्ती संबद्ध कर दिया है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



