Arrest aropi पिता–पुत्र पर जानलेवा हमला: हत्या के प्रयास में 8 आरोपी गिरफ्तार,
रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत किरोडीमल नगर से एक गंभीर मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला वार्ड क्रमांक 09, उच्चभिट्ठी रोड किरोडीमल नगर का है, जहां पिता और पुत्र के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
पीड़ित गोविंद राम नेताम, उम्र 45 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 09 किरोडीमल नगर ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके मोहल्ले के पीछे वरुण सिंह द्वारा गैलवे कंपनी के लिए दूसरे राज्य से लाए गए मजदूर रह रहे हैं। 04 जनवरी 2026 की दोपहर उनका पुत्र छवि नेताम घबराया हुआ घर आया और बताया कि गैलवे कंपनी में काम कर रहे कुछ युवक उस पर जबरन साथ में काम करने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर इन युवकों ने उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलते ही गोविंद राम नेताम अपने पुत्र के साथ समझाने के लिए पीछे मोहल्ले में गए। आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने महाराजा गेट बंद कर दिया और पिता–पुत्र को घेरकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोपियों ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान आरोपी बुधमन उरांव ने डंडे से गोविंद राम नेताम के सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा। स्थिति गंभीर होते देख दोनों किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी 8 आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बुधमन उरांव, अशोक उरांव, कार्तिक उरांव, प्रकाश गोप, मनोज उरांव, मंगलदीप उरांव, अरूण करमाली और दीपक उरांव शामिल हैं। सभी आरोपी वर्तमान में किरोडीमल नगर में किराए के मकान में रह रहे थे और मूल रूप से झारखंड राज्य के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कोतरारोड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



