AI की मदद से बनाया कलेक्टर का फर्जी आदेश, जप्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार…
आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया था कूटरचित शासकीय दस्तावेज, सत्यापन में खुली पोल; पुलिस ने मोबाइल और फर्जी आदेश किया जप्त।
दुर्ग। जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर कलेक्टर के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार करने का मामला सामने आया है। दो आरोपियों ने आबकारी प्रकरण में जप्त अपनी मोटरसाइकिल छुड़ाने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से कूटरचित आदेश तैयार किया और उसे आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत कर दिया। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान आदेश फर्जी पाए जाने पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जप्त मोटरसाइकिल छुड़ाने पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को प्रार्थी भोजराम रत्नाकर ने थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया गया कि जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-01 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को सुपुर्दनामा में प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।
आबकारी कार्यालय में आदेश का परीक्षण और सत्यापन किया गया, तो दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इसके बाद थाना भिलाई भट्ठी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
AI की सहायता से तैयार किया था फर्जी आदेश….
विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने AI की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और कलेक्टर के नाम से तैयार फर्जी आदेश की प्रति जप्त की है। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम…….
जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष) निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष) निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सहायक उप निरीक्षक पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू, आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र अथवा आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता संबंधित विभाग से अवश्य जांच लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि AI या डिजिटल माध्यमों से फर्जी शासकीय दस्तावेज तैयार करना और उनका उपयोग करना दंडनीय अपराध है। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



