नौकरी के नाम पर 3 लाख की मांग, 2 लाख लेने का आरोप; भाजपा नेत्री पूजा राठौर महिला थाना की जांच के घेरे में
रायपुर निवासी श्रवण गुप्ता ने नौकरी नहीं दिलाने और रकम वापस नहीं करने की शिकायत की; एसपी ने काउंसलिंग कार्य से हटाया, पूजा राठौर ने आरोपों को बताया निराधार
जांजगीर-चांपा। जिले की भाजपा नेत्री एवं महिला परामर्श केंद्र की काउंसलर पूजा राठौर पर नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख रुपये मांगने और 2 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र के रायपुरा निवासी श्रवण गुप्ता ने इस संबंध में महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जुलाई माह में रकम देने के बावजूद न तो उन्हें नौकरी दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए।
महिला थाना में शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच
श्रवण गुप्ता की शिकायत के बाद महिला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में नौकरी के नाम पर रकम मांगने और लेने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस अधीक्षक ने पूजा राठौर को फिलहाल महिला परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कार्य से हटा दिया है।
पूजा राठौर ने आरोपों को बताया निराधार…..
दूसरी ओर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पूजा राठौर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए इसे अपनी राजनीतिक छवि धूमिल करने की साजिश बताया है।
पूजा राठौर के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने उन्हें 18 अगस्त को महिला परामर्श केंद्र में सदस्य नियुक्त किया था। वह पूरी जिम्मेदारी से काम कर रही थीं। इसी बीच रायपुर से आए दो युवकों ने उन पर नौकरी लगाने के नाम पर दो लाख रुपये लेने का आरोप लगाया।
पूजा राठौर का दावा है कि वह दोनों युवकों को न तो जानती हैं और न ही कभी उनसे मिली हैं। उन्होंने आरोप लगाने वालों से पैसे के लेन-देन और कॉल डिटेल के सबूत मांगे, लेकिन उनके अनुसार कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया।
उन्होंने एसपी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और काउंसलर पद पर सम्मानपूर्वक बहाली की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि दो दिनों के भीतर न्याय नहीं मिला तो वह एसपी कार्यालय के सामने भूख हड़ताल करेंगी और जरूरत पड़ने पर उच्च अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाएंगी।
डीएसपी सतरूपा तारम का बयान…..
डीएसपी सतरूपा तारम ने बताया कि नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख रुपये मांगने और 2 लाख रुपये लेने की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता श्रवण गुप्ता रायपुरा, तेलीबांधा के निवासी हैं। उनके अनुसार, जुलाई माह में रकम देने के बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।
डीएसपी ने बताया कि फिलहाल शिकायत की जांच की जा रही है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए संबंधित महिला काउंसलर को फिलहाल काउंसलिंग कार्य से निष्कासित किया गया है।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है। शिकायतकर्ता के आरोपों और पूजा राठौर की ओर से दी गई सफाई के संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



