जांजगीर-चांपा में प्रेस वार्ता कर नेताओं ने की दिल्ली पहुंचने की अपील, शरद आहिरे ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप; चरणदास महंत ने EVM के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की उठाई मांग
जांजगीर-चांपा। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ कांग्रेस ने आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रदर्शन में देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को शामिल करने के उद्देश्य से कांग्रेस के प्रदेश पर्यवेक्षक शरद आहिरे, संगठन सह-प्रभारी विजय जांगिड़ और छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने जांजगीर-चांपा जिले में प्रेस वार्ता की।
शरद आहिरे ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
प्रदेश पर्यवेक्षक शरद आहिरे ने बीजेपी पर चुनाव में वोट चोरी करने का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे और मतदाता सूची में नाम काटने के मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका रही है।
आहिरे ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनी है या कांग्रेस के विधायक निर्वाचित हुए हैं, वहां भी बीजेपी ने वोट चोरी कर जीत का अंतर कम करने का प्रयास किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा तथा बीजेपी पर चुनावों में गड़बड़ी कर जीत हासिल करने का आरोप लगाया। वहीं, मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को बोलचाल की भाषा बताते हुए उन्होंने बीजेपी नेताओं द्वारा राहुल गांधी के परिवार पर की गई टिप्पणियों को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।
चरणदास महंत बोले- EVM की जगह बैलेट पेपर से हों चुनाव
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने बीजेपी पर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने को तैयार है।
महंत ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी के साथ EVM में भी छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने सक्ती विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके चुनाव परिणाम से जुड़ी जानकारी में उन्हें ऐसी गड़बड़ी के संकेत मिले थे। उन्होंने आगामी चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराने की मांग की।
सरकार के तीन साल पूरे होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी
प्रेस वार्ता में चरणदास महंत ने छत्तीसगढ़ सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद कांग्रेस सरकार की कथित नाकामियों को लेकर प्रदेशभर में उग्र प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर महंत ने कहा कि कांग्रेस किसी एक व्यक्ति को मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करके चुनाव नहीं लड़ती। पार्टी सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी तथा चुनाव के बाद सभी की सहमति से मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा।
बारिश के कारण प्रेस वार्ता में हुई देरी
बताया गया कि चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश पर्यवेक्षक शरद आहिरे निर्धारित समय से करीब ढाई घंटे देरी से जांजगीर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रेस वार्ता कर दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।



