भारी बारिश की आशंका: किसान फिलहाल टालें धान की कटाई, कटी फसल को तिरपाल से ढककर रखें
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय की किसानों से अपील, फसल सुरक्षा और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की दी सलाह
जांजगीर-चांपा। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने किसानों से धान की कटाई फिलहाल टालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे फसल को खेतों से हटाकर सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखें तथा तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें, ताकि बारिश से फसल को भीगने और नुकसान होने से बचाया जा सके।
नमी से फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका
इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि धान में नमी बढ़ने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और भंडारण के दौरान नुकसान की आशंका भी बढ़ जाती है। लगातार बारिश और नमी के कारण दलहन-तिलहन की फसलों में कीट एवं रोगों का प्रकोप बढ़ सकता है। ऐसे में किसानों को खेतों में जलभराव रोकने के लिए पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
फसल नुकसान होने पर तत्काल दें सूचना
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि यदि बारिश के कारण फसल को नुकसान होता है, तो तत्काल संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को इसकी सूचना दें। साथ ही नुकसान की तस्वीरें और आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें तथा फसल बीमा की निर्धारित समय-सीमा का पालन करें।
सतर्कता से कम किया जा सकता है नुकसान
इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम के प्रति सतर्कता बरतकर, समय पर उचित प्रबंधन अपनाकर और जरूरी सावधानियां रखकर संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फसल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।



