कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं, संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश….
जांजगीर-चांपा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की मांगों और समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनदर्शन में कुल 69 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से विचार करते हुए नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
पेंशन, सीमांकन और मुआवजे से जुड़े आवेदन
जनदर्शन में बलौदा तहसील मुख्यालय निवासी दिलचंद विजय ने पेंशन संबंधी समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम परसदा निवासी पुष्पेंद्र कंवर ने सीमांकन तथा नगर पंचायत नरियरा निवासी रामकुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
इसी तरह, ग्राम पंचायत सुकली, तहसील जांजगीर निवासी हनुमान प्रसाद ने भूमि मुआवजा राशि से संबंधित आवेदन दिया। वहीं, ग्राम चोरभट्टी, तहसील नवागढ़ निवासी आत्माराम ने त्रुटि सुधार के संबंध में अपनी समस्या रखी।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।



